सोशल मीडिया पर निवेश का झांसा देकर युवक से लाखों की धोखाधड़ी, धमकी मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज

जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत छोटी बजरिया निवासी अखिलेश दत्त पडऱहा के साथ ऑनलाइन निवेश के नाम पर 3.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने सोशल मीडिया पर भारी मुनाफे का विज्ञापन देखकर उस पर क्लिक किया था, जिसके बाद अज्ञात जालसाज ने उनसे संपर्क साधा। आरोपी ने इतनी बड़ी रकम निवेश करने के बदले अगले तीन वर्षों तक हर महीने 38 हजार रुपये का रिटर्न देने का झांसा दिया था। भरोसे में आकर पीड़ित ने आरटीजीएस के माध्यम से पूरी राशि ट्रांसफर कर दी। इसके बाद जब तय समय पर मुनाफा नहीं मिला और उल्टा दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने गढ़ा थाने में मामला दर्ज कराया।
ठगों ने झांसा देकर आरटीजीएस से ट्रांसफर कराए लाखो रुपये
सोशल मीडिया आजकल साइबर अपराधियों का सबसे आसान जरिया बन चुका है। गढ़ा क्षेत्र के इस मामले में भी विज्ञापन को इस तरह से पेश किया गया था कि कोई भी आसानी से जाल में फंस जाए। अखिलेश दत्त ने जैसे ही उस लिंक पर अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी भरी, उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए बेहद लुभावनी योजना समझाई। झांसे में आकर पीड़ित ने बिना सोचे-समझे बैंक जाकर आरटीजीएस के जरिए बताई गई रकम आरोपियों के खाते में भेज दी।
मुनाफा मांगने पर मिली झूठे मामले में फंसाने की धमकी
रकम जमा होने के बाद जब पीड़ित ने अपनी पहली मासिक किस्त मांगी, तो ठगों का असली चेहरा सामने आ गया। उन्होंने भुगतान करने से साफ मना कर दिया। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। ठगों ने पीड़ित से कहा कि अगर वे दो लाख रुपये और जमा नहीं करेंगे, तो उन्हें कानूनी पचड़े और झूठे मुकदमों में फंसा दिया जाएगा। इस मानसिक प्रताड़ना और धोखाधड़ी से परेशान होकर पीड़ित ने गढ़ा पुलिस की शरण ली, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
