चलती कार में अचानक भड़की आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Newzo
Newzo - News Editor 62 Views
2 Min Read

जबलपुर। शोभापुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार सवार पिता-पुत्र समय रहते वाहन से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आस-पास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। जानकारी के अनुसार, शोभापुर के उदय नगर निवासी जयेंद्र सिंह दोपहर में अपनी कार (क्रमांक MP 20 WA 8181) से अपने बेटे को स्कूल से लेकर लौट रहे थे। वे जैसे ही अपने घर के पास पहुंचे, तभी अचानक कार के इंजन से तेज धुआं निकलने लगा।

बोनट खोलते ही भड़कीं लपटें
धुआं उठता देख जयेंद्र सिंह ने तुरंत कार को सड़क के किनारे लगाया और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जैसे ही उन्होंने स्थिति जांचने के लिए कार का बोनट खोला, ऑक्सीजन मिलते ही आग अचानक भभक उठी। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, यदि यह हादसा कुछ मिनट पहले (जब कार मुख्य सड़क पर चल रही थी) होता, तो गंभीर स्थिति बन सकती थी।

स्थानीय लोगों ने पाया काबू

आग की लपटें उठती देख आस-पास के रहवासी तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपने घरों से पानी लाकर कार पर डालना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

आग का कारण अज्ञात

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी, हालांकि अभी तक इसके सही कारणों का पता नहीं चल सका है। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

Share This Article
error: This Content is protected !!