
बैतूल। जिले में मुलताई फोरलेन पर जीतू ढाबे के पास शनिवार तड़के 3:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। महाराष्ट्र में नागपुर के समीप बुट्टी बोरी कोल माइंस क्षेत्र के रहने वाले ये सभी श्रद्धालु एक कार में सवार होकर सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम के दर्शन करने जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में बुट्टी बोरी निवासी 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया शामिल हैं, जबकि 1 अन्य मृत महिला की पहचान होना बाकी है। दुर्घटना में वाहन चालक सौरभ चंदे सहित 8 सवार गंभीर जख्मी हुए हैं।
नींद की झपकी से हुआ दर्दनाक हादसा
श्रद्धालुओं से भरा यह वाहन रात के वक्त नागपुर से रवाना हुआ था। तड़के जब कार बैतूल मार्ग से गुजर रही थी, तभी चालक को अचानक झपकी आने की आशंका जताई गई है। इसी वजह से चालक सड़क किनारे खड़े बड़े वाहन को समय पर नहीं देख सका और सीधी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्र आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
एंबुलेंस से घायलों को भेजा गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। भारी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को मुलताई के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी 8 घायलों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों को अस्पताल भेजा गया
दुर्घटना में घायल होने वालों में 10 वर्षीय नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार, 45 वर्षीय उज्ज्वला पति मोहन, 25 वर्षीय नीता पिता अनिल, 18 वर्षीय अनुष्का पिता उपेंद्र, संगीता एकनाथ, शंभु पिता नंदन, प्रज्वल पिता दीपक तथा 30 वर्षीय चालक सौरभ पिता नंदकिशोर चंदे शामिल हैं। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
