डिंडौरी: निर्माण के दौरान स्लैब ढहा, बाल-बाल बचे मजदूर

Newzo
Newzo - News Editor 86 Views
3 Min Read

डिंडोरी। जिले के चटुवा ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार शाम करीब 7.30 बजे स्लैब की ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक सेंटिंग प्लेट और बल्लियां भरभराकर गिर गईं। इस दर्दनाक घटना में गोकुल कोल नामक मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गया, जबकि मैकू और अन्य मजदूर बल्लियों के सहारे लटककर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य साथियों ने मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल मजदूर को घर भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनपद सीईओ ने असिस्टेंट इंजीनियर बी.एस. तिलगाम को जांच के लिए मौके पर भेजा है। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​घटिया निर्माण सामग्री ने मचाया जानलेवा कोहराम

​मजदूर प्रहलाद कोल ने बताया कि हादसे के वक्त वहां करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। उन्होंने सेंटिंग में भारी गड़बड़ी और मशीन की तकनीकी खामी को इस हादसे का मुख्य कारण बताया। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर मौजूद इंजीनियर फिरोज खान मौके से हट गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि 24 लाख 99 हजार रुपए की लागत से बन रहे इस भवन का काम ठेके पर दिया गया है। ग्रामीण प्रकाश चंदेल ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए ठेकेदार पर बाहरी मजदूरों से काम करवाने और मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।

​जिम्मेदारी तय करने की प्रशासनिक तैयारी हुई शुरू

​इंजीनियर फिरोज खान ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि ढलाई का काम सुबह 11 बजे से जारी था और महज कुछ हिस्सा ही शेष बचा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के तुरंत बाद काम रोक दिया गया और सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। अब असिस्टेंट इंजीनियर बी.एस. तिलगाम घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे और निर्माण में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करेंगे। ग्रामीण अब इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा लापरवाही दोबारा न हो।

Share This Article
error: This Content is protected !!