डिंडौरी के छांटा बैगानटोला में खनिज विभाग का छापा, कोतवाली थाने में खड़ा कराया वाहन

डिंडोरी। जिला कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले के भीतर खनिजो के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने ग्राम छांटा बैगानटोला तहसील व थाना डिंडोरी क्षेत्र में एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को रंगे हाथों पकड़ा।
खनिज विभाग ने कार्यवाही करते हुए जेसीबी क्रमांक MP52DA0254 को मौके से जप्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार इस जप्त वाहन का चालक श्री रामचरण मरावी पिता मदन सिंह मरावी है, जो देवरी समनापुर तहसील व जिला डिंडौरी का निवासी है। वहीं इस वाहन का मालिक ठाकुर सिंह भी देवरी समनापुर का रहने वाला है। जप्त की गई जेसीबी मशीन को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस थाना कोतवाली डिंडौरी में खड़ा करवा दिया गया है। खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत इस वाहन पर आगामी कार्यवाही की जा रही है। विभाग द्वारा इस मामले का पूरा प्रकरण पंजीबद्ध कर आगामी निर्णय के लिए न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जावेगा।
कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों ने सुनी मन की बात
प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और उर्वरक के लिए ई-टोकन व्यवस्था की मिली विस्तृत जानकारी
डिंडोरी के कृषि विज्ञान केंद्र में रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में कृषि विभाग, आत्मा परियोजना और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों सहित जिले के अनेक प्रगतिशील किसानों ने उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस सामूहिक आयोजन के दौरान उपसंचालक कृषि श्री संजय दोशी, परियोजना संचालक आत्मा श्री आर.पी. नायक, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री कृष्णा सिंह चौहान और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके साथ ही कृषि विभाग तथा आत्मा परियोजना के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने प्रधानमंत्री द्वारा कृषि नवाचार, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और किसानों की उन्नति को लेकर प्रकट किए गए विचारों को बेहद ध्यानपूर्वक सुना।
रेडियो कार्यक्रम की समाप्ति के बाद कृषि अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से समझाया। इस मौके पर आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए ई-टोकन व्यवस्था की बारीकियों से किसानों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने किसानों से कहा कि वे समय पर अपना पंजीयन करवाकर ई-टोकन प्राप्त कर लें, ताकि खाद वितरण केंद्रों से तय समय पर पारदर्शी और सरल तरीके से खाद हासिल की जा सके। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों की समस्याओं और शंकाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नर्मदा तट पर बच्चों ने सीखा स्विमिंग का हुनर
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में विशेष संडे एक्टिविटी, कलेक्टर ने की सराहना

कलेक्टर श्रीमती अंजू भदौरिया के मार्गदर्शन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिले में 5 मई से 5 जून तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आरोह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत रविवार को मां नर्मदा के तट पर स्थित नर्मदा डैम घाट में एक विशेष संडे स्विमिंग ट्रेनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें sderf के जवानों ने बच्चों को तैरने के गुर सिखाए। इस खास मौके पर केवल तैराकी ही नहीं, बल्कि एरोबिक्स, योग और सामूहिक फिटनेस गतिविधियों का भी आयोजन हुआ। इसमें प्रशिक्षण ले रहे बच्चों के साथ उनके माता-पिता और स्थानीय नागरिकों ने भी पूरे उत्साह से भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बेहतर स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ाना है, जिससे आमजन मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवन जी सकें। कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और लोगों को अच्छी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में खेल विभाग के खेल अधिकारी, जिला खेल प्रशिक्षण, ब्लॉक समन्वयक मोहम्मद अहमद खान, डॉ संतोष परस्ते, श्री मिथिलेश झरिया, श्री मनोज चौक से, श्री जागेश्वर, पदवार सीआरपी कुशवाहा, श्री चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, श्रीमती सुनीता, लक्ष्मी बनावल, राजकुमार, श्रीमती अनीता और मार्शल आर्ट व एरोबिक प्रशिक्षक श्री आदर्श परस्ते व सुश्री सुनीता का विशेष सहयोग रहा। कलेक्टर ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए निर्देश दिए हैं कि हर रविवार को इस तरह की खेल गतिविधियां आयोजित की जाएं। साथ ही उन्होंने जिले के नागरिकों से अगले रविवार को और अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
