
जबलपुर। कैचमेंट क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद बरगी बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बांध की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने पानी की निकासी तेज कर दी है। शनिवार सुबह 11 बजे 7 और गेट खोल दिए गए, जबकि शुक्रवार शाम को 6 गेट खोले गए थे। वर्तमान में बांध के कुल 13 गेट औसतन 1.83 मीटर तक खुले हुए हैं, जिनसे नर्मदा नदी में लगभग 2714 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध प्रबंधन के अनुसार फिलहाल जलाशय में पानी की आवक करीब 941 क्यूमेक है। बारिश की गति में थोड़ी कमी आई है, लेकिन ऊपरी इलाकों से हो रहे जलप्रवाह को देखते हुए कंट्रोल रूम से 24 घंटे स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
