
जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालमाटी निवासी सीमा शर्मा ने कंचनपुर तीन पुलिया निवासी अपने पति दीपक शर्मा के खिलाफ शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। सीमा के अनुसार उनका विवाह 28 अप्रैल को हुआ था, लेकिन पति ने कभी दांपत्य रिश्ता स्वीकार नहीं किया। शादी से पहले ससुराल पक्ष ने युवक के शराब सेवन की लत की जानकारी छिपाई थी। नशे की हालत में मारपीट झेलने और परीक्षा तैयारी में बाधा डालने के बाद पीड़िता ने 20 सितंबर की देर रात अपने भाई अरविंद शर्मा को सूचना दी, जिसके बाद वह मायके लौटीं। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक महिला की लिखित शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दांपत्य संबंध पूरी तरह बिखर गए
सीमा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। ससुराल में रात के समय अध्ययन के दौरान दीपक शराब के नशे में गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर देते थे। इतना ही नहीं, वह देर रात तक मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से अनुचित बातचीत में व्यस्त रहते थे। विरोध करने पर लगातार प्रताड़ना दी जाती थी। इस व्यवहार के चलते सीमा को अपने ही घर में उपेक्षा और हिंसा का सामना करना पड़ा।
जानलेवा हमला कर घर से बाहर किया
घटना वाली रात 11-30 बजे जब सीमा पढ़ाई कर रही थीं, तब कमरे में शराब पीकर दीपक ने अपशब्द कहे। इसका प्रतिकार करने पर मुक्कों से वार किए गए। जान बचाने के लिए पीड़िता ने तुरंत अपने परिजन को फोन लगाया। रात 1 बजे अरविंद कंचनपुर पहुंचे और अपनी बहन को सुरक्षित मायके ले आए, जिसके बाद थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई गई।
