
जबलपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने और उपभोक्ताओं की दिक्कतों को दूर करने के लिए जबलपुर शहर के सभी संभागीय, उप संभागीय दफ्तरों तथा वितरण केंद्रों में शनिवार दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लंबित आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण करना है। कैंप में नेट मीटर स्थापना, मीटर टेस्टिंग, मीटर बदलने और प्लांट कमीशनिंग से जुड़े तकनीकी मामलों का तुरंत समाधान निकाला जाएगा। इसके साथ ही बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहकर आसान ऋण विकल्पों की जानकारी देंगे और अधिकृत वेंडर उपकरण संबंधी तकनीकी सलाह मुहैया कराएंगे। अधिकारियों के मुताबिक योजना को लेकर नागरिकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
मौके पर लाइव डेमो और उपभोक्ताओं के अनुभव
शिविर में मोबाइल ऐप संचालन और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का सीधा प्रदर्शन विशेषज्ञों द्वारा दिखाया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने अपने परिसरों में सोलर सिस्टम लगवाकर बिजली बिलों में भारी कमी दर्ज की है, वे भी शिविर में मौजूद रहकर अन्य नागरिकों के साथ अपने जमीनी अनुभव साझा करेंगे। इससे नए उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के वास्तविक लाभ को समझने में मदद मिलेगी।
शहर में बंपर सौर ऊर्जा उत्पादन का रिकॉर्ड
जबलपुर में अब तक 11159 निम्नदाब घरेलू व व्यावसायिक और 96 उच्चदाब उपभोक्ता कुल 64041.75 किलोवॉट क्षमता के रूफटॉप पैनल लगा चुके हैं। इनसे हर महीने बनने वाली लगभग 76.84 लाख यूनिट में से 42.04 लाख यूनिट स्वयं इस्तेमाल कर शेष 34.80 लाख यूनिट ग्रिड को बेची जा रही है। संजय अरोरा ने यह भी रेखांकित किया कि बिजली महकमे के कर्मियों को ऊर्जा प्रभार पर 50 प्रतिशत छूट मिलने के बावजूद खुद उन्होंने और कई अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने घरों में सोलर लगाकर अपने बिल नगण्य कर लिए हैं।
बहुत फायदे का है ये सौदा:अरोरा
इस योजना की उपयोगिता और फायदों का प्रमाण यही है कि बिजली महकमे के कार्मिकों को ऊर्जा शुल्क पर 50 फीसदी की सीधी रियायत मिलती है, इसके बावजूद मैंने खुद और कई अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने आवासों पर सोलर रूफटॉप लगवाकर इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाया है।
संजय अरोरा, अधीक्षण अभियंता सिटी
