
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे अंतर्गत जबलपुर-इटारसी रेल मार्ग के सोहागपुर और पिपरिया रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार 14 सितम्बर की सुबह ओएचई ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन अचानक टूट गई। इस तकनीकी खराबी से पूरे रेल मार्ग का परिचालन बुरी तरह बाधित हो गया। घटना सुबह 9:08 बजे की है, जब पिपरिया यार्ड की डाउन लूप लाइन का ओएचई तार टूटकर नीचे आ गिरा। हालात सम्भालने के लिए विभाग ने सोहागपुर से पिपरिया एसएसपी के बीच डाउन लाइन पर तुरंत पावर ब्लॉक लिया। साथ ही पिपरिया यार्ड की डाउन मेन लाइन पर भी ट्रैफिक ब्लॉक लगाया गया। इस व्यवधान के चलते सुबह 9:51 बजे से पुणे-सुपौल एक्सप्रेस 11401 इटारसी जंक्शन पर ही खड़ी कर दी गई, जिससे मुसाफिर फंसे रहे।
ट्रैक पर तकनीकी टीम सुधार कार्य में जुटी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही विद्युत और तकनीकी विभाग के कर्मचारी विशेष उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पिपरिया यार्ड में तारों के जाल को ठीक करने, टूटे हिस्सों को जोड़ने तथा खंभों के इंसुलेटर की जांच का कार्य शुरू हुआ। कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
जल्द सामान्य होगी इस रूट की रेल सेवा
मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है ताकि इस व्यस्त मार्ग पर गाड़ियों का संचालन जल्द दोबारा शुरू हो सके। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा जांच पूरी होते ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। ब्लॉक समाप्त होते ही विभिन्न स्टेशनों पर रुकी गाड़ियों को बारी-बारी से रवाना किया जाएगा।
