
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने बुधवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए ऑपरेटिंग और कॉमर्शियल विभाग के 4 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादला व पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत जबलपुर मंडल में पदस्थ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतेश कुमार सोने को पदोन्नति का लाभ देते हुए जोनल मुख्यालय में डिप्टी सीसीएम एफएम बनाया गया है। भोपाल मंडल में कार्यरत सीनियर डीसीएम 2 श्याम सिंह बरेडिया को पदस्थ कर नई जिम्मेदारी के रूप में डिप्टी सीओएम गुड्स का कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा भोपाल में पदस्थ डीओएम कोचिंग एंड प्लानिंग डॉ. जाधव प्रमोद पंडित को सीनियर डीओएम 2 भोपाल सहित प्रिंसिपल जोनल ट्रेनिंग सेंटर का दायित्व मिला है, जबकि प्रिंसिपल जोनल ट्रेनिंग सेंटर भोपाल एके शुक्ला को पमरे मुख्यालय जबलपुर में डिप्टी सीओएम पद पर भेजा गया है।
प्रशासनिक कसावट के लिए हुआ यह बड़ा बदलाव
जोनल स्तर पर रेल संचालन तथा राजस्व से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए यह फेरबदल हुआ है। दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल बैठाने के उद्देश्य से अनुभवी चेहरों को मुख्यालय और प्रमुख मंडलों में नई कुर्सियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के बाद सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए कार्यस्थलों पर तत्काल पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ट्रेनों के सुगम परिचालन और मंडल के प्रशिक्षण कार्यों पर कोई असर न पड़े।
