
घर बैठे होटल रेटिंग देकर कमाई का झांसा, युवक से 37 लाख रुपये की साइबर ठगी
टेलीग्राम पर मैसेज भेजकर पहले दिया छोटा मुनाफा, फिर अलग-अलग खातों में जमा करा लिए लाखों रुपये
जबलपुर। ऑनलाइन टास्क पूरा करके घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक को 37 लाख से अधिक की चपत लगा दी। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत अमखेरा जागृति नगर निवासी 29 वर्षीय विक्रांत साहू के साथ यह संगठित ऑनलाइन ठगी हुई है। पीड़ित ने अधारताल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। विक्रांत ने बताया कि वह अपने मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप और टेलीग्राम विकी साहू के नाम से चलाता है। उसका बैंक खाता भारतीय स्टेट बैंक की मिलौनीगंज शाखा में है।
दिनांक 8-1-25 को उसके टेलीग्राम अकाउंट पर अदिति रियांश नाम से एक अज्ञात संदेश आया। उस संदेश में घर बैठे आसानी से रुपये कमाने का प्रलोभन दिया गया था। पीड़ित को बताया गया कि उसे सीक्रेट एस्केप्स के माध्यम से होटलों को ऑनलाइन रेटिंग देनी होगी और इसके बदले बड़ा मुनाफा सीधे बैंक खाते में भेजा जाएगा। ठगों के झांसे में आकर उसने दिए गए लिंक के जरिए अपना बैंक खाता जोड़ लिया और बताए अनुसार होटल रेटिंग का कार्य शुरू कर दिया। शुरुआती विश्वास जमाने के लिए आरोपियों ने पहले मुनाफे के रूप में 1024 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए।
इसके बाद ठगों ने बड़ा लाभ देने का झांसा देकर डिपॉजिट कराने का खेल शुरू किया। पीड़ित ने 9-1-25 को सीक्रेट एस्केप ऐप पर 10000 रुपये का रिचार्ज किया, जिसके बदले उसी दिन उसके खाते में 17546 रुपये वापस भेज दिए गए। फिर 10-1-25 को फैमिली ट्रिप ऑफर का लालच देकर 20960 रुपये का रिचार्ज कराया गया और मुनाफे के रूप में 42573 रुपये लौटा दिए गए। इस तरह पीड़ित का पूरा भरोसा जीतकर आरोपियों ने बड़े निवेश का जाल बिछाया।
इसके बाद 11-1-25 को पीड़ित ने एनईएफटी के माध्यम से 50000 रुपये और 150000 रुपये भेजे। विशेष ऑफर के नाम पर पत्नी के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बेलखेड़ा शाखा के खाते से फोन पे द्वारा 99000 रुपये तथा साथी शुभम विश्वकर्मा के फोन पे से 84787 रुपये ट्रांसफर कराए गए। 13-1-25 को भारतीय स्टेट बैंक मदनमहल शाखा से 316310 रुपये नकद जमा किए गए। 14-1-25 को अंकिता गुप्ता के इंडियन बैंक कटंगा खाते से 700000 रुपये एनईएफटी तथा 15-1-25 को आरटीजीएस द्वारा 1000000 रुपये भेजे गए। इसके अलावा 21-1-25 को आईसीआईसीआई बैंक में 640000 रुपये नकद तथा 49000, 51000, 50000, 50500, 50000 और 48000 रुपये के कई किस्तों में ट्रांजैक्शन किए गए। फिर आईसीआईसीआई से 99000 रुपये भेजे गए। इसके बाद 10-3-26 को फोन पे से 49000 और 50000 रुपये तथा एसबीआई से 49500, 49000, 40000, 48000 व 5000 रुपये नकद जमा कराए गए।
इस प्रकार अज्ञात शातिर ठगों ने विक्रांत से कुल 3761566 रुपये जमा करवा लिए और लाभ के नाम पर केवल 61143 रुपये ही वापस लौटाए। मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से कुल 3700423 रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों पर धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
शराब दुकान के कर्मचारी की बाइक अड़ाकर गिराया, 71 हजार रुपये से भरा बैग लूटा
भटौली पुल के पास एक्टिवा और बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े शराब दुकान के कर्मचारी को रास्ते में घेरकर मारपीट करते हुए नकदी से भरा बैग लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भटौली पुल के आगे मोड़ पर हुई, जब कर्मचारी बिक्री की रकम लेकर ऑफिस जमा करने जा रहा था। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
मूल रूप से सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बागरोन निवासी 38 वर्षीय अनिल सिंह ठाकुर वर्तमान में माढ़ोताल स्थित कृष्णा सिटी में रहता है। अनिल पिछले 3 माह से मानेगांव देशी शराब दुकान में काम कर रहा है। दिनांक 25-8-26 को दोपहर लगभग 12:50 बजे वह मानेगांव शराब दुकान से अपनी काले रंग की स्प्लेंडर मोटर साइकिल क्रमांक MP 20 MH 2835 से गोरखपुर स्थित कटंगा ऑफिस जाने के लिए निकला था। उसने मोटर साइकिल की पेट्रोल टंकी पर नीले रंग का बैग रखा था और उसे हैंडल से बांध रखा था।
बैग में शराब दुकान की बिक्री के कुल 71840 रुपये रखे हुए थे, जिसमें देशी शराब बिक्री के 12210 रुपये और अंग्रेजी शराब बिक्री के 59630 रुपये शामिल थे। अनिल मंडला रोड से भटौली रोड होते हुए कटंगा ऑफिस में रकम जमा करने आ रहा था। जैसे ही वह भटौली पुल से थोड़ा आगे मोड़ पर पहुंचा, तभी नीले रंग की एक्टिवा और एक बिना नंबर की मोटर साइकिल पर सवार 4 अज्ञात लड़के वहां आ धमके।
आरोपियों में से 3 लड़कों ने अपने चेहरे रुमाल और गमछे से बांध रखे थे, जबकि मोटर साइकिल पर बैठे 1 लड़के का चेहरा पूरी तरह खुला था। एक्टिवा सवार लड़कों ने अनिल की चलती गाड़ी के सामने अपनी एक्टिवा अड़ा दी, जिससे संतुलन बिगड़ने पर अनिल मोटर साइकिल सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद मोटर साइकिल सवार लड़कों ने अनिल के साथ झूमाझटकी करते हुए थप्पड़ मारे। इसी दौरान एक्टिवा सवार बदमाश ने गाड़ी के हैंडल में बंधा नीले रंग का रुपयों से भरा बैग निकाला और सभी ग्वारीघाट की तरफ फरार हो गए।
पीड़ित ने शोर मचाया और विरोध करते हुए पत्थर उठाकर मोटर साइकिल सवारों पर फेंका, लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे। अनिल के अनुसार चारों आरोपियों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच होगी। उसने वारदात की पूरी जानकारी अपने मैनेजर गिरीश शिवहरे को दी। शिकायत पर ग्वारीघाट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
गुलौआ चौक पर कॉल रिसीव करने रुके युवक से स्कूटी सवारों ने झपटा मोबाइल
संजीवनी नगर पुलिस ने अज्ञात स्कूटी सवार तीन झपटमारों पर दर्ज किया केस
जबलपुर। शहर में राह चलते लोगों से मोबाइल झपटने वाले बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त गुलौआ चौक के पास सुबह के समय स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने स्कूल जा रहे एक युवक के हाथ से वीवो कंपनी का महंगा मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
गढ़ा स्थित रामलीला मैदान निवासी 20 वर्षीय योगेन्द्र उपाध्याय ने संजीवनी नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। योगेन्द्र ने पुलिस को बताया कि वह दिनांक 23-8-26 की सुबह लगभग 6:40 बजे अपने घर से महाकौशल स्कूल जाने के लिए निकला था। जब वह गुलौआ चौक पहुंचा, तभी अचानक उसके मोबाइल पर एक फोन कॉल आ गया। फोन पर बात करने के लिए वह सड़क किनारे रुका ही था कि अचानक पीछे से एक स्कूटी पर सवार होकर तीन अज्ञात लड़के आ पहुंचे।
स्कूटी सवार लड़कों ने उसके पास गाड़ी धीमी की और पलक झपकते ही हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया। जब तक योगेन्द्र कुछ समझ पाता और शोर मचाता, तीनों बदमाश तेज रफ्तार स्कूटी दौड़ाते हुए गलियों के रास्ते भाग निकले। पीड़ित ने आसपास के लोगों की मदद से बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद योगेन्द्र ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने बताया कि सुबह के समय जब सड़कों पर आवाजाही कम रहती है, बदमाश ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने 25-8-26 की रात को पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात स्कूटी सवारों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत झपटमारी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की जांच कर रही है ताकि बदमाशों का हुलिया और स्कूटी का नंबर ट्रेस किया जा सके।
शराब पीने के लिए 500 रुपये नहीं दिए तो किसान पर बरसाए घूंसे, दी जान से मारने की धमकी
खेत से लौट रहे भाइयों को गांव के युवक ने रास्ते में घेरा, बेलखेड़ा थाने में प्रकरण दर्ज
जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनकेड़ी में शराब पीने के लिए रुपये न देने पर एक ग्रामीण के साथ सरेराह मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम मनकेड़ी स्थित संजय कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय चेतराम भदौरिया पेशे से किसान हैं। चेतराम ने बेलखेड़ा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 25-8-26 की रात लगभग 8:00 बजे वह अपने खेत से काम निपटाकर घर लौट रहा था। रास्ते में उसे अपना बड़ा भाई बलराम मिल गया, जिससे वह खड़े होकर बातचीत करने लगा। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला राजेश चौधरी वहां आ धमका।
राजेश चौधरी ने आते ही चेतराम से शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग शुरू कर दी। जब चेतराम ने शराब के लिए रुपये देने से साफ मना कर दिया, तो राजेश आक्रोशित हो गया और गंदी-गंदी गालियां देने लगा। इसके बाद वह उसके बड़े भाई बलराम की तरफ मुड़ा और शराब खरीदकर लाने या फिर शराब पीने के लिए पैसे देने का दबाव बनाने लगा। जब दोनों भाइयों ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने चेतराम पर हमला बोल दिया।
आरोपी राजेश चौधरी ने गाली-गलौज करते हुए चेतराम पर हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसके पेट और गाल में गंभीर चोटें आईं। भाई बलराम ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे भी धमकाया और दोबारा रुपये न देने पर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए मौके से भाग खड़ा हुआ।
घटना के बाद पीड़ित चेतराम अपने भाई के साथ थाने पहुंचा और मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। बेलखेड़ा पुलिस ने आरोपी राजेश चौधरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 119(1) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जायदाद विवाद में अधिवक्ता और सीनियर पर हमला, फॉर्च्यूनर से आए पिता व साथियों ने पीटा
गुरुकुल तिराहे पर घेरकर प्लास्टिक पाइप से की मारपीट, हिस्सा मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना अंतर्गत गुरुकुल तिराहे पर प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक अधिवक्ता और उनके सीनियर साथी पर फॉर्च्यूनर सवार पिता और उसके 4 से 5 साथियों द्वारा जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने प्लास्टिक पाइप के डंडों से दोनों वकीलों को बेरहमी से पीटा और दोबारा संपत्ति में हिस्सा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पिता सहित अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा और मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
धन्वंतरी नगर गुरुकुल स्कूल के पास रहने वाले 38 वर्षीय रूपेन्द्र पटेल पेशे से अधिवक्ता हैं। रूपेन्द्र का अपने पिता दुर्गा प्रसाद पटेल के साथ पूर्व से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। रूपेन्द्र ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25-8-26 को वह जिला अदालत से अपने सीनियर एडवोकेट रणवीर सिंह चौहान की हीरो होंडा मोटर साइकिल पर बैठकर अपने घर लौट रहा था।
शाम लगभग 5:00 बजे जैसे ही दोनों अधिवक्ता गुरुकुल तिराहे के पास पहुंचे, तभी एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MP 20 CG 9804 आकर उनकी बाइक के सामने रुकी। कार से रूपेन्द्र के पिता दुर्गा प्रसाद पटेल अपने 4 से 5 अन्य साथियों के साथ उतरे और दोनों वकीलों को घेर लिया। उतरते ही आरोपियों ने मां-बहन की गालियां देना शुरू कर दिया और बिना किसी बातचीत के प्लास्टिक के मोटे पाइप और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में रूपेन्द्र पटेल की पीठ और बाएं कान के पीछे चोटें आईं, जबकि सीनियर एडवोकेट रणवीर सिंह चौहान के बाएं पैर और पीठ में गंभीर चोट लगी। सरेराह मारपीट के दौरान पिता दुर्गा पटेल ने धमकी दी कि यदि दोबारा प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगा तो जान से खत्म कर दूंगा। आसपास लोगों की भीड़ जमा होते देख सभी आरोपी अपनी फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर तेजी से भाग निकले।
घायल अधिवक्ताओं ने संजीवनी नगर थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित रूपेन्द्र की रिपोर्ट पर पिता दुर्गा पटेल एवं अन्य साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 191(2), 191(3), 296(ए) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेत के बोरवेल से 5 एचपी का सबमर्सिबल पंप चोरी, केबल काटकर ले गए अज्ञात चोर
कुण्डम थाना क्षेत्र के देवरी बघराजी में 22 हजार की मोटर चोरी, थाने में मामला दर्ज
जबलपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के खेतों से मोटर और सिंचाई उपकरण चोरी होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुण्डम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी बघराजी में अज्ञात चोरों ने एक खेत के बोरवेल में लगा 5 एचपी का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी कर लिया। चोर बोरवेल की केबल काटकर और रस्सा खोलकर पंप निकाल ले गए। किसान की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुण्डम थाना अंतर्गत चौकी बघराजी के ग्राम देवरी निवासी 20 वर्षीय हर्षित मिश्रा ने बताया कि वह ऑनलाइन दुकान संचालित करता है और साथ में खेती-किसानी भी करता है। हर्षित ने अपनी खेती की सिंचाई के लिए मोटेहार स्थित खेत के बोरवेल में लगभग 20 दिन पहले ही 5 एचपी का नया सबमर्सिबल मोटर पंप डलवाया था। यह पंप उसने मोनू रजक, संदीप दाहिया और जितेंद्र बागरी के माध्यम से बोरवेल में फिट करवाया था।
दिनांक 23-8-26 की सुबह लगभग 10:00 बजे हर्षित के पिता गौरीशंकर मिश्रा जब मोटेहार खेत पर पहुंचे तो उन्हें बोरवेल के पास गड़बड़ी दिखाई दी। पास जाकर देखा तो सबमर्सिबल पंप का बिजली केबल कटा हुआ था और पंप को बांधने वाला रस्सा खुला हुआ खेत में पड़ा था। पिता ने तुरंत फोन करके हर्षित को खेत पर बुलाया। जब हर्षित ने मौके पर पहुंचकर बोरवेल की जांच की तो उसमें लगा 5 एचपी का सबमर्सिबल पंप गायब था।
कोई अज्ञात चोर बोरवेल के अंदर से लगभग 22000 रुपये कीमत का सबमर्सिबल मोटर पंप चोरी कर ले गया था। इसके बाद पीड़ित ने गांव और आसपास के कई गांवों में पूछताछ की तथा स्थानीय हार्डवेयर दुकानों पर भी पंप की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
थक-हारकर हर्षित ने 26-08-2026 को कुण्डम थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई। कुण्डम थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
