
डिंडौरी। जिले के अंतर्गत मेंहदवानी स्थित राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह कॉलेज परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एक दिवसीय समाधान शिविर आयोजित हुआ। इस प्रशासनिक शिविर में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक आशीष खरे प्रमुख रूप से मौजूद रहे। विधायक ने खनिज तथा राजस्व विभाग के अमले से कहा कि खेती और अपने छोटे निर्माण कार्यों के लिए रेत-गिट्टी ले जाने वाले किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली बेवजह न पकड़े जाएं। शिविर का मुख्य ध्येय शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी परेशानी के पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निवारण सुनिश्चित करना रहा।
मौके पर 60 आवेदनों का हुआ त्वरित निपटारा
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से कुल 60 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निराकरण कर दिया गया। इसके अतिरिक्त पहले से दर्ज सीएम हेल्पलाइन की 23 लंबित शिकायतों का परीक्षण कर उनका स्थायी समाधान कराया गया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा 8 पात्र दिव्यांगजनों को नए यूडीआईडी कार्ड तैयार कर वितरित किए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन स्वयं दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रहा है, ताकि आम जनता को छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित किया।
जांच के बाद 152 मरीजों को मिले चश्मे
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर का संचालन किया गया, जहां 473 ग्रामीणों ने अपना पंजीयन कराया। चिकित्सकों के दल ने 321 लोगों के ब्लड प्रेशर व शुगर की जांच की और 117 मरीजों का एक्स-रे किया गया। वहीं 173 लोगों की आंखों का परीक्षण कर दृष्टि दोष से प्रभावित पाए गए 152 नागरिकों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। इस तरह ग्रामीणों को प्रशासनिक समाधान के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
