अवैध कॉलोनियों को राहत: 15567 रुपये में मिलेगा स्थाई कनेक्शन, कंपनी उठाएगी लाइन का खर्च

Newzo
Newzo - News Editor 86 Views
3 Min Read

जनविश्वास अभियान: जबलपुर में बिजली अफसरों का फील्ड दौरा, मौके पर सुलझीं समस्याएं

जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जबलपुर शहर में मुख्य अभियंता एसके गिरिया के नेतृत्व में बिजली विभाग के अफसरों ने सघन मैदानी दौरा किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता सिटी संजय अरोरा और कार्यपालन अभियंता अमित सक्सेना सहित तकनीकी अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया। फील्ड निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, नए कनेक्शन जारी करना, बंद व खराब मीटर बदलना, सोलर को नेट मीटरिंग से जोड़ना तथा नीची विद्युत लाइनों को ऊंचा कराने जैसे जमीनी कार्य मौके पर कराना रहा। इसके साथ ही विजयनगर संभाग के अंतर्गत आने वाले गणेशनगर क्षेत्र में विशेष शिविर लगाकर स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया गया।

​अवैध कॉलोनियों में आसान किस्तों पर मिलेगा कनेक्शन

​श्री अरोरा ने बताया कि ऊर्जा विभाग द्वारा चिन्हित अघोषित व घोषित अवैध बस्तियों में विद्युतीकरण को प्राथमिकता देने के क्रम में गणेशनगर की अवैध कॉलोनी में जन-जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। पूर्व सूचना के आधार पर शिविर में स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को सुगम विद्युत सुविधा योजना का विवरण समझाते हुए बताया कि मात्र 15567/- रुपये की एकमुश्त राशि जमा कर पूरी बस्ती का विद्युतीकरण कराया जा सकता है। इसमें 11 के.व्ही. लाइन विस्तार, एल.टी. केबल बिछाने और ट्रांसफार्मर लगाने का संपूर्ण खर्च विद्युत कंपनी खुद उठाएगी। इससे उपभोक्ताओं को तत्काल स्थाई कनेक्शन मिल जाएगा, जिससे वे अस्थाई कनेक्शन के भारी बिलों से बचेंगे और उन्हें निर्बाध गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलेगी। जो नागरिक एकमुश्त राशि देने में असमर्थ हैं, वे प्राक्कलन की 25% राशि तत्काल जमा कर शेष रकम 2 वर्ष में मासिक बिलों के साथ आसान किस्तों में चुका सकते हैं।

​अफसरों ने फील्ड में परखे विद्युत सुधार कार्य

​विभागीय दल ने दक्षिण संभाग अंतर्गत गुलौआ चौक पहुंचकर उपभोक्ता रितेश गोडकर को जारी किए गए नवीन कनेक्शन का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद पश्चिम संभाग में खाटूश्याम मंदिर के समीप बंद एवं त्रुटिपूर्ण मीटरों को बदलने की प्रक्रिया का मौके पर जायजा लिया गया। जनविश्वास अभियान की इस सक्रियता के परिणामस्वरूप दिनभर में 79 सी.एम. हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया गया। साथ ही 5 जनसुनवाई प्रकरणों का समाधान हुआ, 5 नए विद्युत कनेक्शन तत्काल प्रभाव से जारी किए गए तथा 25 अक्रियाशील मीटरों को बदलने की कार्यवाही पूरी की गई।

Share This Article
error: This Content is protected !!