गुरु-शिष्य रिश्ते की अनूठी मिसाल, दिव्यांग विद्यार्थियों ने किया अपने प्रिय शिक्षक का सम्मान

Newzo
Newzo - News Editor 52 Views
2 Min Read

जबलपुर। शहर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय में आज दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर 65 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने अपने प्राध्यापक प्रो. अरुण शुक्ल का हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रो. राजीव मिश्रा, डॉ. राजेश शामकुंवर, डॉ. रामनरेश पटेल, डॉ. महेन्द्र कुशवाहा, डॉ. शिव कपूर एवं श्री प्रदीप तिवारी की विशेष उपस्थिति रही। विद्यार्थी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हुए राजीव पाठक, श्यामलाल पटेल, राजाराम पटेल, कपिल यादव, कपिल श्रीपाल, अनुज कुमार साहू, गोविंद, प्रदीप रजक, आराधना, रुकमणी तथा चांदनी ने संपूर्ण आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

​शाल श्रीफल देकर गुरुदेव का किया सम्मान

​समारोह में छात्र-छात्राओं ने प्रो. अरुण शुक्ल को पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर अपनी गहरी कृतज्ञता प्रकट की। विद्यार्थियों ने साझा किया कि प्राध्यापक महोदय अपनी सहजता, मिलनसारिता और सदैव मुस्कुराते स्वभाव के कारण पूरे महाविद्यालय परिसर में अत्यंत लोकप्रिय हैं। उन्होंने सदैव एक सच्चे मार्गदर्शक की तरह अपनी ज्ञानधारा से युवाओं की सोच को विस्तार दिया है और अकादमिक जीवन में आने वाली हर चुनौती को सुलझाने में निरंतर सहयोग प्रदान किया है।

​आत्मविश्वास और सही दिशा से मिलेगी हर सफलता:शुक्ल

​विद्यार्थियों के इस निस्वार्थ स्नेह से अभिभूत होकर प्रो. अरुण शुक्ल ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक सीमाएं किसी भी व्यक्ति की वास्तविक क्षमता या प्रतिभा की परिधि तय नहीं कर सकती हैं। जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल दृढ़ संकल्प, उचित अवसर और सही दिशा-निर्देश की आवश्यकता होती है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को स्वयं की आंतरिक शक्ति पर अडिग भरोसा रखने, सतत परिश्रम करने और भविष्य में पूरी तरह स्वावलंबी बनने का लक्ष्य तय करने की प्रेरणा दी।

Share This Article
error: This Content is protected !!