
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। संगठन को नई ऊर्जा देने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए घोषित इस टीम में तजुर्बे और युवा जोश का संतुलन बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को गति देने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के ध्येय से यह पुनर्गठन किया गया है। जारी सूची में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, महामंत्री संगठन, 2 सहायक मंत्री, 13 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए राष्ट्रसेवा के लिए जुटने का संदेश दिया है।
शीर्ष प्रबंधन और संगठनात्मक पदों का हुआ बंटवारा
पार्टी के वित्तीय और आंतरिक प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के लिए पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। संगठनात्मक कार्यों में समन्वय और मजबूती के लिए बी.एल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही संगठन के राष्ट्रव्यापी कामकाज में सहयोग के लिए शिवप्रकाश और सौदान सिंह को सहायक मंत्री का जिम्मा दिया गया है। यह केंद्रीय टीम पार्टी के दैनिक प्रबंधन और राज्यों के साथ समन्वय का मुख्य आधार बनेगी।
उपाध्यक्ष मंडल में 13 वरिष्ठ चेहरों को दायित्व
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में पार्टी ने 13 अनुभवी नेताओं पर भरोसा जताया है। इस महत्वपूर्ण सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा और डी पुरंदेश्वरी को स्थान मिला है। इसके साथ ही रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्र भाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाला सिंह आर्य, एम नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह अनुभवी मंडल विभिन्न राज्यों और सामाजिक समीकरणों को साधने का काम करेगा।
महामंत्री और मंत्री मंडल में युवा चेहरों को मौका
केंद्रीय संगठन में 8 राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। इनमें स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लव कुमार देव, सतीश पुनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं। वहीं राष्ट्रीय मंत्री के 16 पदों पर कविता पाटीदार, के सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप यादव, जगदीश ईश्वर भाई पटेल, संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को दायित्व सौंपा गया है।
