
प्रबंध संचालक सुनील तिवारी फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर जबलपुर स्थित नयागांव के स्काडा कंट्रोल सेंटर परिसर में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस गरिमामय आयोजन में कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी प्रातः 8:15 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस राष्ट्रीय उत्सव के अवसर पर प्रदेशभर के सभी ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालयों, 417 एक्स्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशनों और समस्त कार्यालय परिसरों में तिरंगा फहराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राज्य के सभी पारेषण दफ्तरों और सबस्टेशनों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। समारोह में पारेषण प्रणाली के बेहतर संचालन, सुरक्षा मानकों के पालन और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटे समर्पित अधिकारियों, कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिलेगा पुरस्कार
कंपनी प्रबंधन द्वारा नवाचार, क्विक रिस्पांस, लीडरशिप, ई-गवर्नेंस, ट्रेनिंग एक्सीलेंस, तकनीकी निपुणता और कार्यस्थल सुरक्षा जैसी विभिन्न श्रेणियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ऊर्जा वीरों का चयन किया गया है। इन कर्मठ कार्मिकों ने विद्युत ग्रिड के आधुनिक संचालन, सिस्टम की मजबूती और सुरक्षा नियमों के पालन में उत्कृष्ट मिसाल पेश की है।
