
जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर ने प्रशासनिक कार्य सुविधा के तहत बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए 5 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए हैं। आदेश के अनुसार मुख्य महाप्रबंधक अशोक सिंह धुर्वे को वाणिज्य के स्थान पर मुख्य महाप्रबंधक वर्क का प्रभार देते हुए आर.डी.एस.एस. का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। रीवा से मुख्य अभियंता पी.के. क्षत्रिय को मुख्य महाप्रबंधक प्रवर्तन जबलपुर बनाया गया है। सागर से देवेंद्र कुमार को मुख्य अभियंता प्रवर्तन जबलपुर पदस्थ किया गया है। संजय निगम को प्रवर्तन से हटाकर मुख्य महाप्रबंधक वाणिज्य तथा सं./सं. का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं सेवकराम येमदे को प्रवर्तन जबलपुर से सागर क्षेत्र का मुख्य अभियंता बनाया गया है।
व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कवायद
कंपनी के प्रबंध संचालक के अनुमोदन के बाद मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन सम्पदा सराफ ने यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। क्रमांक 3 से 5 तक के अधिकारियों देवेंद्र कुमार, संजय निगम और सेवकराम येमदे को चालू प्रभार के तहत शक्तियां दी गई हैं। इसके लिए शक्ति प्रत्यायोजन पुस्तिका क्रमांक 9838 दिनांक 24.01.2013 का संदर्भ दिया गया है।
चालू प्रभार से पदोन्नति का दावा नहीं
कंपनी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह चालू प्रभार और मिली शक्तियां किसी भी अधिकारी को पदोन्नति या वरिष्ठता का अधिकार प्रदान नहीं करती हैं। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य कंपनी के दैनिक कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाना है।
