जबलपुर क्राईम बुलेटिन: नहीं रुक रही ऑनलाइन ठगी, जुए फड़ पर पुलिस की रेड

Newzo
Newzo - News Editor 92 Views
9 Min Read

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा जिले में संगठित जुआ और सट्टा चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना बेलबाग की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार सट्टेबाजों को अवैध रूप से सट्टा लिखते हुए पकड़ा है। थाना प्रभारी बेलबाग जितेन्द्र पाटकर ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पांडेय अस्पताल के सामने संगम चाय की दुकान के पास कुछ लोग अवैध रूप से सट्टा लिख रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। संगम चाय दुकान के पास मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिया के व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लिखकर आर्थिक लाभ कमाते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम अच्छेल्या चौधरी उम्र 40 वर्ष निवासी सिंधी कैंप बाबा रोड हीरा पहलवान के घर के पास हनुमानताल, विजय कुमार गुप्ता उम्र 58 वर्ष निवासी सरस्वती कालोनी कोतवाली, प्रदीप कोरी उम्र 36 वर्ष बल्दीकोरी की दफाई घमापुर एवं संजय जैन उम्र 59 वर्ष निवासी शांतिनगर गोहलपुर बताए। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग सामग्री बरामद की गई। अच्छेल्या चौधरी के पास से 5 नग सट्टा पट्टी तथा नकदी 3 हजार 120 रुपये मिले। विजय कुमार गुप्ता के कब्जे से 5 नग सट्टा पट्टी और 2 हजार 180 रुपये बरामद हुए। प्रदीप कोरी के पास से 4 नग सट्टा पट्टी और 2 हजार 350 रुपये तथा संजय जैन के पास से 3 नग सट्टा पट्टी व नकदी 2 हजार 640 रुपये जब्त किए गए। इस प्रकार चारों सट्टेबाजों के कब्जे से कुल 17 नग सट्टा पट्टी तथा 10 हजार 290 रुपये जप्त किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक पृथक धारा 4(क) सट्टा एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई को अंजाम देने में प्रधान आरक्षक उमाशंकर यादव, आरक्षक मोहित, अभिमन्यु और अखिलेश की सराहनीय भूमिका रही।

​मदनमहल क्षेत्र में पैसे के लेनदेन और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, चाकूबाजी

मामूली विवाद पर दोनों पक्षों ने दर्ज कराई काउंटर रिपोर्ट, पुलिस ने विभिन्न धाराओं में किया मामला दर्ज

​जबलपुर। थाना मदनमहल अंतर्गत राईट टाउन क्षेत्र में दो पक्षों के बीच पुराने विवाद और पैसे के लेनदेन को लेकर आमने-सामने मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष से इंजीनियरिंग के छात्र को गंभीर चोट आई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने संगीन धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तुषार पारिया उम्र 20 वर्ष निवासी गेट नंबर 4 राईट टाउन मदनमहल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। वह घटना के दिन शाम लगभग 5 बजे करणावत पान भंडार गेट नंबर 4 मदनमहल में बैठा था। उसकी एक 19 वर्षीय युवती से पहले दोस्ती थी जो अब बंद हो चुकी है। वह युवती पहले भी उससे पैसे मांगती थी और नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी।

​युवती अपने साथी प्रथम गुप्ता और अद्वित सोनी के साथ वहां आई और एक हजार रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर रेप के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। जब उसने पैसे देने से इंकार किया तो सभी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह जान बचाकर भागा और अपने भाई अभिजित पारिया को फोन करके बुलाया। इसके बाद ओम चौधरी और अंशुकुमार चौधरी भी वहां आ गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इसी दौरान प्रथम गुप्ता ने चाकू से हमला कर उसके पेट में चोट पहुंचाई। बीच बचाव करने आए उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई और भागते समय उसकी सोने की चेन गिर गई। पुलिस ने इस मामले में धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3), 3/5 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

​वहीं दूसरी तरफ 19 वर्षीय युवती ने भी थाने में काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बातचीत तुषार पारिया से बंद हो चुकी है और वह प्रथम गुप्ता के साथ आती-जाती है। इसी बात को लेकर तुषार उसे धमकी देता था। घटना के दिन तुषार ने उसे फोन कर करणावत पान भंडार बुलाया था जहां पहुंचने पर तुषार ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने पर तुषार के भाई अभिजित ने मारपीट की और तुषार ने चाकू से वार कर ओम चौधरी व अंशुकुमार चौधरी को घायल कर दिया। पुलिस ने इस पक्ष की रिपोर्ट पर भी धारा 296(ए), 115(2), 118(1), 351(2), 3/5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​महाराजपुर एटीएम में शातिर ठग ने कार्ड बदलकर महिला के खाते से उड़ाए हजारों रुपये

आधारताल थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला किया दर्ज

​जबलपुर। थाना आधारताल क्षेत्र के अंतर्गत एसबीआई के एटीएम बूथ पर एक ठग ने चालाकी से महिला का एटीएम कार्ड बदल लिया और उनके खाते से हजार रुपए निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को जानकारी देते हुए श्रीमती शिवानी शर्मा उम्र 45 वर्ष निवासी पटेल नगर महाराजपुर ने बताया कि वह एक प्राइवेट शिक्षिका हैं। गत दिवस दोपहर लगभग 12 बजकर 15 मिनट पर वह महाराजपुर स्थित एसबीआई एटीएम में अपनी सास प्रमिला शर्मा का एटीएम कार्ड लेकर पैसे निकालने गई थीं। उन्होंने एटीएम मशीन से 15 हजार रुपये निकाले।

​जब वह अपना एटीएम कार्ड मशीन से वापस निकाल रही थीं, उसी दौरान वहां लगभग 30 से 35 वर्ष की आयु का एक अज्ञात व्यक्ति आया। उसने महिला से कहा कि उनका ट्रांजेक्शन सही नहीं हुआ है और वे दोबारा एटीएम कार्ड डालकर अपना पिन कोड दर्ज करें। शिक्षिका ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए दोबारा एटीएम कार्ड मशीन में डालकर पिन दर्ज किया। इसी बीच उस अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से उनका एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और दूसरा कार्ड उन्हें पकड़ाकर वहां से चला गया। महिला एटीएम कार्ड लेकर अपने घर वापस आ गई। थोड़ी देर बाद उनकी सास के मोबाइल फोन पर बैंक खाते से पैसे कटने के संदेश आने लगे। उन्होंने तुरंत पूरी बात अपने पति को बताई। इसके बाद पति-पत्नी दोनों एटीएम कार्ड लेकर दोबारा महाराजपुर एटीएम पहुंचे और स्टेटमेंट निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने मशीन में कार्ड डालकर पिन दर्ज किया तो गलत पिन होना प्रदर्शित हुआ। पति ने जब ध्यान से एटीएम कार्ड को देखा तो वह किसी सुरेन्द्र कुमार नामदेव के नाम का निकला। अज्ञात व्यक्ति ने छद्म तरीके से एटीएम बदलकर छल किया और उनकी सास के बैंक खाते से 38 हजार 500 रुपये निकालकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!