जबलपुर क्राईम बुलेटिन:साइबर ठगी रोकने बैंक अफसरों से क्या बोले पुलिस अधीक्षक,प्रताड़ना से तंग महिला ने चुनी मौत

Newzo
Newzo - News Editor 94 Views
10 Min Read

जबलपुर। जबलपुर पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में ऑनलाइन धोखाधड़ी, एटीएम फ्रॉड और साइबर अपराधों पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी समेत 130 बैंक अधिकारी और कई थाना प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंक खाताधारकों को जागरूक करने की बड़ी जिम्मेदारी बैंकों की भी है। यदि कोई म्यूल अकाउंट यानी अवैध धन हस्तांतरण और धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस और साइबर सेल को सूचना दें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, फर्जी लिंक या लालच भरे संदेशों के चक्कर में न आएं। किसी भी तरह की ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत संपर्क करें।

Contents
​आधारताल पुलिस ने की कार्रवाई, लूट और झपटमारी के तीन आरोपी गिरफ्तार​बरगी में आपसी विवाद के बाद चाकू से हमला कर युवक की हत्या​प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की थी आत्महत्या, पति और सास पर मामला दर्ज​कुंडम में बिना अनुमति अवैध कॉलोनी का निर्माण करने वाले पर प्रकरण दर्ज​खितौला में शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने वाले आरोपी की तलाश​गोहलपुर थाना क्षेत्र में बैंक खाते से ऑनलाइन 35000 निकाले जाने पर प्रकरण दर्ज​गोरखपुर में शराब के लिए रुपये न देने पर युवक के साथ मारपीट​खितौला में ट्रक चालक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी अज्ञात​आधारताल में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से बैटरी और स्टेपनी चोरी

​आधारताल पुलिस ने की कार्रवाई, लूट और झपटमारी के तीन आरोपी गिरफ्तार

अधारताल थाना क्षेत्र में हुई लूट और झपटमारी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने उनके पास से छीने गए दो मोबाइल, घटना में इस्तेमाल एक चाकू और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई को अमित खटीक अपनी फैक्ट्री से लौट रहा था जब रिछाई ब्रिज के ऊपर तीन लड़कों ने उसे रोककर मारपीट की और उसका मोबाइल व आठ हजार रुपये छीन लिए। इस मामले में पुलिस ने कुणाल कोल और छोटू उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 21 जुलाई को रुचि ठाकुर का मोबाइल और बैग छीनने की घटना में शामिल तुषार रजक को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। एक अन्य आरोपी प्रिंस की तलाश अभी जारी है।

​बरगी में आपसी विवाद के बाद चाकू से हमला कर युवक की हत्या

​जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम साल्होवाड़ा में पुरानी बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक 22 जुलाई की रात साल्होवाड़ा चौराहा पर नहूमल उर्फ छोटू और संतोष यादव बैठे हुए थे। तभी वहां आरोपी घनश्याम केवट आया और उनके वहां बैठने को लेकर गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने नहूमल के पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और बीच-बचाव करने आए संतोष पर भी सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। घायल नहूमल को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

​प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की थी आत्महत्या, पति और सास पर मामला दर्ज

​जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र में घरेलू कलह और प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार 16 जून को आकांक्षा पटेल ने घरेलू विवाद और सास जमुना बाई तथा पति सतेंद्र पटेल द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया था। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच और मृतिका के मृत्युकालीन कथन के आधार पर पुलिस ने पति सतेंद्र पटेल और सास जमुना बाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

​कुंडम में बिना अनुमति अवैध कॉलोनी का निर्माण करने वाले पर प्रकरण दर्ज

​जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र में बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के अवैध कॉलोनी बसाकर भूखंड बेचने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक साहू ने ग्राम पड़रिया में खसरा नंबर 241/1, 241/2 और 241/3 की कुल 0.5100 हेक्टेयर भूमि पर बिना ले-आउट अनुमोदन और बिना विकास अनुज्ञा के 38 भूखंडों का अवैध विभाजन किया। वहां रोड, नाली और पानी की टंकी जैसी व्यवस्थाओं का नाम पर अवैध कॉलोनी विकसित कर प्लॉट बेचे गए। जिला कलेक्टर के न्यायालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और मध्य प्रदेश पंचायतीराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

​खितौला में शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने वाले आरोपी की तलाश

​जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र में न्यायालय का नोटिस तामिल कराने गए आदेशवाहक के साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सिविल न्यायालय सिहोरा में आदेशवाहक के रूप में कार्यरत संतोष परौहा 23 जुलाई को वार्ड नंबर 18 खितौला बस्ती में बलराम रजक के नाम का नोटिस देने गए थे। रास्ते में लखी ठाकुर ने उन्हें रोककर बिना किसी बात के गाली-गलौज की और बेल्ट तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में रुकावट डाली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

​गोहलपुर थाना क्षेत्र में बैंक खाते से ऑनलाइन 35000 निकाले जाने पर प्रकरण दर्ज

​जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर ₹35000 निकाल लिए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि रोहिणी प्रसाद शर्मा के मोबाइल पर 22 जुलाई को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा उच्च न्यायालय के खाते से ₹35000 कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाया। जांच में पता चला कि मोहम्मद मोइनुद्दीन नाम के व्यक्ति ने उनके खाते से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर यह राशि निकाली है। पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

​गोरखपुर में शराब के लिए रुपये न देने पर युवक के साथ मारपीट

​जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में रामपूर भैंसासुर मंदिर के पास शराब पीने के लिए रुपये मांगने और न देने पर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार सौरभ खान अपने घर के पास टहल रहा था तभी शनि उर्फ अरमान अपने साथी राज बसु के साथ वहां आया और उससे शराब पीने के लिए ₹1000 मांगने लगा। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया। बीच-बचाव करने आए उसके भाई और मां को भी आरोपियों ने जान से धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

​खितौला में ट्रक चालक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी अज्ञात

​जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र में पान उमरिया रोड पर एक ट्रक चालक के साथ मारपीट करने और वाहन का कांच तोड़ देने की घटना सामने आई है। ​पुलिस के अनुसार मुकेश कुशवाहा ट्रक लेकर बुढ़ार से आधारताल जा रहा था। रात को जब वह ग्राम घुघरा तिराहा के पास पहुंचा तो बीच सड़क पर एक कार खड़ी थी और कुछ लड़के नाच रहे थे। साइड मांगने पर उनमें से कुछ लड़कों ने ट्रक चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा चाकू से पैर में चोट पहुंचाई। विरोध करने पर पत्थर से ट्रक का सामने का कांच भी तोड़ दिया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

​आधारताल में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से बैटरी और स्टेपनी चोरी

​जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र की साई बिहार कॉलोनी सुगाखी में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से बैटरी और अन्य सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पूनम श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पति के ई-रिक्शा से अज्ञात चोर एक बैटरी, एक कंट्रोलर और एक स्टेपनी टायर चुरा ले गए। पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article
error: This Content is protected !!