
जबलपुर। गोहलपुर क्षेत्र में रहने वाली नगमा अंसारी ने एक स्थानीय पार्षद के करीबी लोगों पर संपत्ति हथियाने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रचने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपित है कि महिला के पति जसवीर को झूठे आपराधिक मामले में जेल भिजवाकर उनके लेमा गार्डन स्थित सरकारी क्वार्टर पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर नगमा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। 15 जून को पड़ोस में हुए मामूली विवाद के बाद 17 जून की रात आमिर अंसारी उर्फ गुड्डा ने जसवीर को ऑटो बुक करने के बहाने घर से बुलाया और अधारताल थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में फंसाकर जेल भेज दिया। पति के जेल जाते ही आमिर अंसारी उर्फ गुड्डा, अनीस बर्फवाला, शहजाद, अफजाल मोटा और अय्यूब टकला लगातार घर पहुंचकर मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं।
बेसहारा लोगों को बनाते हैं निशाना
पीड़ित महिला नगमा अंसारी ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में बताया कि आरोपी पार्षद के नाम की धौंस दिखाकर लगातार उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इन सभी लोगों का एक ऐसा संगठित आपराधिक गिरोह सक्रिय है जो कमजोर और बेसहारा लोगों को निशाना बनाकर जबरन उनकी संपत्तियों पर अवैध कब्जा जमा लेता है। गोहलपुर थाना क्षेत्र के ब्लॉक एफ-4 और बिल्डिंग नंबर-2 स्थित सरकारी क्वार्टर को खाली कराने के लिए दबंग लगातार पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पार्षद पहले भी कर चुका है जमीनों पर कब्जा
नगमा ने प्रशासन को यह भी बताया कि संबंधित पार्षद का नाम पूर्व में भी कई प्रकार के भूमि विवादों और जमीनों पर अवैध कब्जे के मामलों में चर्चाओं में आ चुका है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि इस पूरे सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन और आपराधिक पृष्ठभूमि की गहराई से जांच की जानी चाहिए ताकि उनके पति को न्याय मिल सके और परिवार सुरक्षित रह सके। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
