जबलपुर-दमोह हाइवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्राला और इको कार की भीषण टक्कर में चालक की मौत, छह घायल

Newzo
Newzo - News Editor 76 Views
2 Min Read

जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जबलपुर-दमोह स्टेट हाइवे पर स्थित गुरुपिपरिया गांव के पास आज दोपहर लगभग 12:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से पाटन की ओर जा रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने सामने से आ रही इको कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला कार को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे एक खेत में जा घुसा। इस भयानक दुर्घटना में इको कार के परखच्चे उड़ गए और कार चालक अजय पटेल, निवासी तेंदूखेड़ा जिला दमोह, उम्र 22 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में वाहन में सवार छह अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कार की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक के शव को बाहर निकालने के लिए एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से कार को काटकर चालक के शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी छह घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से पाटन सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article
error: This Content is protected !!