डुमना एयरपोर्ट से टैक्सी का किराया हुआ तय,आरटीओ ने कहा सख्ती से पालन कराएंगे

Newzo
Newzo - News Editor 80 Views
3 Min Read

जबलपुर। डुमना विमानतल पर लंबे समय से टैक्सी संचालकों द्वारा की जा रही मनमानी पर अब लगाम लगा दी है। आए दिन टैक्सी चालकों और यात्रियों के बीच होने वाले विवादों और यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा ने टैक्सी किराए की नई अधिकृत सूची जारी कर दी है। अब विमानतल से आने-जाने वाले यात्रियों को तयशुदा दरों पर ही टैक्सी सेवा उपलब्ध होगी। इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति ने अपनी मुहर लगा दी है। पहले मनमाना किराया वसूलने से लोग बेहद परेशान थे और लंबे समय से इसे नियंत्रित करने की मांग उठ रही थी। अब प्रशासन ने इन दरों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

तय दरों से अधिक वसूलना होगा अपराध

​नई जारी की गई किराया सूची के अनुसार 1 से 10 किमी तक के लिए 500 रुपये, 11 से 15 किमी के लिए 700 रुपये, 16 से 20 किमी के लिए 800 रुपये और 21 से 25 किमी की दूरी के लिए 1000 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा समय और दूरी के आधार पर 4 घंटे या 40 किमी के लिए 1200 रुपये, 6 घंटे या 60 किमी के लिए 1500 रुपये और 8 घंटे या 80 किमी के लिए 1800 रुपये का किराया तय किया गया है। आरटीओ श्रीमती रिंकू शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि इन निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम यात्रियों के हितों की सुरक्षा और एयरपोर्ट पर पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

अब मनमानी कीमतों से यात्रियों को मुक्ति

​लंबे अरसे से चल रही टैक्सी संचालकों की मनमानी के कारण डुमना विमानतल पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। कई बार यात्रियों और टैक्सी चालकों के बीच किराए को लेकर तीखी बहस और झगड़े की घटनाएं भी सामने आ रही थीं। आम यात्रियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही थी, जिससे एयरपोर्ट की छवि भी प्रभावित हो रही थी। अब नई किराया सूची के सार्वजनिक होने और प्रशासन की सख्ती के बाद उम्मीद है कि यात्रियों को राहत मिलेगी। विभाग द्वारा इस पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखी जाएगी ताकि कोई भी चालक निर्धारित नियमों का उल्लंघन न करे और यात्रियों से तय राशि से एक भी रुपया ज्यादा न वसूले।

Share This Article
error: This Content is protected !!