ईओडब्ल्यू का सर्च ऑपरेशन, ढिमोले की संपत्ति का खुलेगा राज,हड़कंप

Newzo
Newzo - News Editor 51 Views
2 Min Read

जबलपुर । नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में शुक्रवार की सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका के सेवानिवृत्त सहायक निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के एमपीईबी कॉलोनी स्थित आवास पर ईओडब्ल्यू की 20 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर की गई है। डीएसपी मनजीत सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने तलाशी वारंट के साथ जांच शुरू की। योगेंद्र ढिमोले पूर्व में लखनादौन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी का प्रभार संभाल चुके हैं और अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त हुए हैं। लखनादौन में पदस्थापना के दौरान भ्रष्टाचार की मिली शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। टीम घर के दस्तावेजों, संपत्ति के ब्योरे और वित्तीय रिकॉर्ड का गहन सत्यापन कर रही है।

​भ्रष्टाचार के सबूत मिलने पर हुई छापेमारी कार्रवाई

​ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक जांच में ढिमोले के नाम पर भारी संपत्ति का पता चला है। इसमें गाडरवारा में दो प्लॉटों पर बने मकान, लखनादौन में एक घर, एक खाली प्लॉट और दो कृषि भूमि शामिल हैं। इसके अलावा उनके बेटे के नाम पर एक दुकान भी है। वाहनों के बेड़े में एक कार, एक थार, तीन मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक मिक्सर मशीन भी सामने आई है। टीम द्वारा घर से बरामद नकदी और आभूषणों का बारीकी से आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि संपत्तियों का कुल बाजार मूल्य और वास्तविक आय का अंतर निकालने के बाद ही भ्रष्टाचार की सटीक राशि सामने आएगी। फिलहाल पूरी कार्रवाई के दौरान घर के बाहर लोगों की खासी भीड़ जमा रही और जांच प्रक्रिया जारी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!