
स्कूल बसों की अचानक हुई जांच में कई खामियां सामने आई
जबलपुर। परिवहन विभाग जबलपुर की टीम ने एलएनसीटी कॉलेज भेड़ाघाट और शिव शक्ति इंटरनेशनल स्कूल भेड़ाघाट की बसों का सघन निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा था। टीम में शामिल कर्मचारी सरबजीत सिंह, धीरज खरे और एस.ओ. अंसारी ने दोनों संस्थानों की बसों के दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। निरीक्षण में पाया गया कि एल.एन.सी.टी. कॉलेज की 7 बसें और शिव शक्ति इंटरनेशनल स्कूल की 4 बसें सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरीं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती रिंकू शर्मा ने कॉलेज और स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक सभी कानूनी दस्तावेज और फिटनेस प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक इन वाहनों का संचालन न किया जाए। लापरवाही बरतने पर पूरा प्रबंधन जिम्मेदार होगा।
कॉलेज की बसों में फिटनेस दस्तावेज नहीं मिले
एलएनसीटी कॉलेज की जिन 7 बसों की जांच की गई, उनमें MP20DA0882, MP20DA1075, MP20DA1076, MP20DA0883, MP20PA0855, MP20PA0857 और MP20PA0859 शामिल हैं। कॉलेज के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज के.ओ. शिवहरे ने बताया कि वी.एल.टी.डी. डिवाइस का रिन्यूअल लंबित होने के कारण इन वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया अधूरी है। दस्तावेजों के अभाव में इन बसों को सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित माना गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना और जब्ती की कार्यवाही हो सकती है।
स्कूल की बसों के जरूरी प्रमाण पत्र नहीं मिले
शिव शक्ति इंटरनेशनल स्कूल भेड़ाघाट की 4 बसों MP20DA2471, MP20DA1045, MP20DA1046 और MP20DA1367 की जांच की गई। स्कूल प्रबंधन आवश्यक वैध दस्तावेज निरीक्षण टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर सका। स्कूल ट्रांसपोर्ट इंचार्ज ने कहा कि 12 जुलाई को स्कूल खुलने के पूर्व सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने चेताया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही बच्चों को इन बसों से ले जाया जाना चाहिए। किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संस्थान प्रबंधन पर तय की जाएगी। विभाग ने स्कूलों को चेतावनी दी है कि बिना फिटनेस के बसें सड़क पर न उतारें। सुरक्षा नियम सर्वोपरि हैं।
