सत्ता और संगठन के समन्वय का महासेतु, बीजेपी की नई स्टेट टीम का ऐलान

Newzo
Newzo - News Editor 42 Views
4 Min Read

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को नई प्रदेश कार्यसमिति की आधिकारिक घोषणा कर दी है। संगठन का आकार सीमित रखते हुए कुल 106 नेताओं को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने 41 वरिष्ठ नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह दी है। फिलहाल विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति को होल्ड पर रखा गया है। इस नई सूची में सामाजिक समीकरणों के बीच केवल 1 मुस्लिम महिला नेता को ही कार्यसमिति में स्थान मिल सका है। इस टीम में मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों, दिग्गज कैबिनेट मंत्रियों, वर्तमान सांसदों, वरिष्ठ विधायकों और युवा चेहरों को शामिल कर क्षेत्रीय और सांगठनिक संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है।

​शीर्ष चेहरों को मिला संगठन में बड़ा मान

​घोषित की गई नई प्रदेश कार्यसमिति में पार्टी के तमाम शीर्ष चेहरों को शामिल किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा को भी कार्यसमिति का हिस्सा बनाया गया है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और सावित्री ठाकुर भी इस सूची में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। राज्य सरकार के कई कद्दावर मंत्रियों को संगठन की इस महत्वपूर्ण समिति में सदस्य नियुक्त किया गया है। सूची में वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, राकेश सिंह, विजय शाह, विश्वास सारंग, गोविंद सिंह राजपूत, तुलसीराम सिलावट, इंदर सिंह परमार, उदय प्रताप सिंह, संपतिया उइके, एदल सिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, नारायण सिंह कुशवाह, चेतन कश्यप और कृष्णा गौर के नाम शामिल हैं।

​सांसदों और पूर्व मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

​संगठन ने कई वर्तमान सांसदों और पूर्व मंत्रियों को भी कार्यसमिति में पर्याप्त तवज्जो दी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री व मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, भूपेंद्र सिंह, कमल पटेल, इमरती देवी, महेंद्र सिंह सिसोदिया और ओ.पी.एस. भदौरिया को भी इस नई टीम में शामिल किया गया है। महिला नेतृत्व की बात करें तो सांसद संध्या राय, हिमाद्री सिंह, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, सुमित्रा वाल्मीकि, माया नारोलिया, विधायक रीति पाठक, मीना सिंह, ललिता यादव, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर, अर्चना चिटनिस और गायत्री राजीव पवार जैसी वरिष्ठ नेत्रियों को कार्यसमिति में जगह दी गई है।

​क्षेत्रीय और सांगठनिक संतुलन पर विशेष ध्यान

​पार्टी ने क्षेत्रीय और सांगठनिक संतुलन बनाते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, संजय पाठक, बृजेंद्र प्रताप सिंह, हरिशंकर खटीक, कुंवर सिंह टेकाम, नंदनी मरावी, रमेश मेंदोला, जीतू जिराती, राजेंद्र पांडे और ओमप्रकाश सकलेचा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। युवाओं और पूर्व संगठन पदाधिकारियों में से युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार को भी इस नई टीम में शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इस सूची को तैयार करने में वरिष्ठता और युवा जोश दोनों का पूरा ख्याल रखा है। इस कार्यसमिति के माध्यम से आगामी सांगठनिक गतिविधियों को गति देने और धरातल पर पार्टी को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है। सभी अंचलों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करते हुए यह सूची जारी की गई है ताकि सांगठनिक कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

Share This Article
error: This Content is protected !!