

जबलपुर । आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ की टीम ने मंगलवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के ठिकानों पर दबिश दी। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर जांच टीम ने पोला राव के आवास सहित उनके एक ठेकेदार के घर पर भी छापा मारा। प्रारंभिक जांच में इस अधिकारी के नाम पर 1 फ्लैट, लगभग 10 हजार वर्गफुट का भूखंड, आंध्र प्रदेश में खरीदी गई कृषि भूमि, 4 दोपहिया वाहन और 1 चारपहिया वाहन होने की जानकारी मिली है। इसके साथ ही बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। वर्तमान में बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन और आय-संपत्ति के बीच असमानता का आकलन किया जा रहा है।
