डिंडौरी से मां के साथ मजदूरी करने आए 12 वर्षीय बालक का दुखद अंत

Newzo
Newzo - News Editor
2 Min Read

जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र अंतर्गत परसवाड़ा गांव में उड़द की फसल कटाई के दौरान लापता हुए 12 वर्षीय बालक अमित सैयाम का शव पास के खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। अमित मूल रूप से डिंडौरी जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोमदादर का निवासी था, जो अपनी मां बसंती बाई के साथ यहां आया हुआ था। वह स्थानीय किसान लक्ष्मण पटेल के खेत में मजदूरी करने आए पूरन सिंह परस्ते के नेतृत्व वाले 8 सदस्यीय श्रमिक दल का हिस्सा था। दोपहर में भोजन के समय जब अमित अचानक गायब हो गया, तो परिजनों और अन्य मजदूरों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पड़ोस के नेमचंद पटेल के खेत में एक पेड़ पर अमित का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला।

​खेत में मजदूरी के दौरान लापता हुए बालक का पेड़ पर मिला शव

​परसवाड़ा गांव में जब श्रमिक दल के सभी बड़े सदस्य उड़द की फसल काटने में व्यस्त थे, तब अमित पास में ही खेल रहा था। भोजन के समय जब वह अपनी मां बसंती बाई और अन्य लोगों को नहीं दिखा, तो उसकी खोजबीन तेज की गई। नेमचंद पटेल के खेत में लगे एक पेड़ पर उसका शव मिला, जहां उसने अपनी ही शर्ट का फंदा बनाकर डाल से खुद को लटका लिया था। परिजनों ने जब उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही खितौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। पूरन सिंह परस्ते और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Share This Article