संस्कारधानी के लिए ऐतिहासिक पल, विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को मिली राष्ट्रपति की आगमन की की हरी झंडी

Newzo
Newzo - News Editor 34 Views
2 Min Read

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति भवन से एक घंटे के कार्यक्रम की लिखित सहमति मिलने के बाद कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने इसे संस्कारधानी के लिए स्वर्णिम दिन बताया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति मन्गुभाई पटेल की अध्यक्षता में होने वाले इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि होंगे। लगभग 20 वर्ष पहले, वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम 21वें दीक्षांत समारोह में आए थे। समारोह की तैयारियों के लिए कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, मुख्य संयोजक प्रो. एस.एस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी एवं प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने विभिन्न समितियों के साथ बैठक कर दीक्षांत शोभा यात्रा, मंच, पदक वितरण, सीधे प्रसारण, बिजली और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की है।

​मेडल और उपाधि वितरण का पूरा खाका तैयार

​इस गरिमामयी समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुल 141 छात्र-छात्राओं को 240 स्वर्ण पदक सौंपे जाएंगे। इसके साथ ही शोधार्थियों को 182 विद्यावारिधि यानी पीएचडी, 3 विद्यावाचस्पति यानी डी लिट्, 1 डीएससी और 1 मानद उपाधि से नवाजा जाएगा। मंच व्यवस्था से लेकर आमंत्रण पत्र वितरण के कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

​पंजीयन की तारीख बदली

​राष्ट्रपति के आगमन की सुरक्षा और जरूरी प्रबंधों के कारण ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से घटाकर 12 जून 2026 की शाम 5.00 बजे तक कर दी गई है। सभी पंजीकृत छात्र-छात्राओं के लिए 18 और 19 जून को सुबह 11.00 से शाम 5.00 बजे तक सामान्य रिहर्सल और 20 जून को इसी समय पर पूरी यूनिफॉर्म में फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल होना जरूरी है।

Share This Article
error: This Content is protected !!