23 दिन बाद भी नहीं पकड़े गए कजरवारा चोरी कांड के आरोपी, अब क्राइम ब्रांच करेगी तलाश

Newzo
Newzo - News Editor
3 Min Read

गोराबाजार थाना क्षेत्र के कजरवारा पुरानी बस्ती में 10 मई को हुई थी वारदात

जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के कजरवारा पुरानी बस्ती में रहने वाले कंधी लाल उपाध्याय के सूने मकान में 10 मई की रात को अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दिए। घटना के 23 दिन बीत जाने के बाद भी गोराबाजार पुलिस चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। स्थानीय पुलिस की ढीली कार्रवाई से असंतुष्ट पीड़ित कंधी लाल उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने गोराबाजार थाने के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मरावी को सघन पूछताछ के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस बड़ी चोरी के खुलासे और चोरों की धरपकड़ के लिए अब क्राइम ब्रांच प्रभारी को भी जांच की जिम्मेदारी सौंप दी है।

​क्राइम ब्रांच संभालेगी चोरी की जांच

​गोराबाजार पुलिस द्वारा अब तक चोरों का सुराग न लगा पाने के कारण पीड़ित परिवार ने उच्च अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने पीड़ित की शिकायत पर सहमति जताते हुए माना कि इस मामले में संदेहियों से पूछताछ का दायरा और ज्यादा कड़ा होना चाहिए था। स्थानीय थाने की सुस्त कार्रवाई को देखते हुए अब उन्होंने क्राइम ब्रांच को इस केस में शामिल कर लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम अब नए सिरे से सुराग जुटाकर चोरों की तलाश शुरू करेगी।

​सूने मकान का फायदा उठाकर वारदात

​यह पूरी घटना 10 मई की रात को घटित हुई थी जब गृहस्वामी कंधी लाल उपाध्याय कजरवारा पुरानी बस्ती स्थित अपने घर पर मौजूद नहीं थे। वे उस रात बिलहरी के नर्मदा नगर में रहने वाले अपने बेटे राजेश उपाध्याय के घर पर रुके हुए थे। घर पूरी तरह खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने कंधी लाल उपाध्याय के मकान में प्रवेश किया। चोरों ने घर के अंदर रखी दो गोदरेज की अलमारियों के ताले कटर या किसी औजार से तोड़ दिए और उनके लॉकर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

​लाखों के जेवरात और नकदी गायब

​चोरों ने अलमारी के लॉकर को खंगालकर भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण चोरी किए। गायब हुए सामान में सोने की 1 चैन, 4 अंगूठियां, 1 हार वाला मंगलसूत्र, 4 सोने की चूड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा चांदी का 1 करधन, बिछिया और लॉकर में रखी पूरी नकदी भी चोर अपने साथ समेट ले गए। पीड़ित कंधी लाल उपाध्याय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में सभी चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, जिस पर पुलिस अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Share This Article