बुनियादी मुद्दों पर सरकार को घेरा, कांग्रेस ने सीएम का पुतला फूंका

Newzo
Newzo - News Editor
3 Min Read

जबलपुर। जिले की जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बिनेकी में प्रदेश सरकार के खिलाफ माहौल गर्मा गया है। जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला दहन किया। इस विरोध प्रदर्शन में जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेश तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विक्रम सिंह ठाकुर, जिला संगठन महासचिव राजेश पटेल, प्रवक्ता विवेक यादव, मंडलम अध्यक्ष राकेश यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाटन के महासचिव गंगाराम चौधरी, पंचायत अध्यक्ष शिवकुमार पटेल, पूर्व जनपद सदस्य पाटन ज्योति चौधरी शामिल हुए। इसके साथ ही संध्या बेन, सपना बेन, अंकित कुशवाहा, आशिक कुशवाहा, सुशील चौधरी, पुरषोत्तम कुशवाहा, अरविंद राठोर, सोनू चौधरी, सिद्धार्थ चौधरी, सागर चौधरी, दीपक चौधरी, गोपाल पटेल, मनीष यादव, सुन्दर यादव, राजेश चौधरी, सुशील टाईगर चौधरी, आनंदी चौधरी, मनोज चौधरी, रागिनी चौधरी, प्रभा चौधरी, आदित्य चौधरी, बिहान चौधरी, सचिन पटेल और विपिन पटेल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

​जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला

​विरोध प्रदर्शन के दौरान उपस्थित ग्रामीण जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय यादव ने वर्तमान शासन व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय हालात बेहद चिंताजनक हो चुके हैं। सरकार आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को हल करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। हर स्तर पर जनहित की अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी जनता की इस आवाज को दबने नहीं देगी।

​ग्रामीण अंचलों में बढ़ती अव्यवस्था पर नाराजगी

​कांग्रेस नेतृत्व ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को रेखांकित करते हुए प्रशासन को घेरा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गांवों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। इसके अलावा किसान अपनी फसलों और खाद-बीज से जुड़ी समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, जिससे पेयजल का संकट भी गहरा गया है।

​मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प

​बढ़ती महंगाई और प्रशासनिक उदासीनता को इस सरकार की मुख्य पहचान बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि अब चुप बैठने का समय नहीं है। पार्टी ने तय किया है कि सरकार की इन विफलताओं को उजागर करने के लिए हर गांव में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। जब तक शासन और प्रशासन द्वारा चिन्हित की गई इन सभी स्थानीय और प्रादेशिक समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं निकाल लिया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी का यह जमीनी संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Share This Article