ब्रेकिंग: बरेला के वॉटर पार्क में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से 21 वर्षीय युवक की मौत

Newzo
Newzo - News Editor 67 Views
2 Min Read

​जबलपुर के बरेला में स्थित निसर्ग वाटर पार्क में फिसल पट्टी की रेलिंग में उतरा करंट, विक्टोरिया अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जबलपुर। रांझी अंतर्गत बड़ा पत्थर झंडा चौक निवासी 21 वर्षीय साजन विश्वकर्मा अपने 3 दोस्तों के साथ बरेला स्थित निसर्ग वाटर पार्क घूमने गए हुए थे। वाटर पार्क में मनोरंजन के दौरान साजन विश्वकर्मा वहां बनी फिसल पट्टी के पास पहुंचे। इसी दौरान फिसल पट्टी की लोहे की रेलिंग के पाइप में अचानक करंट फैल गया। साजन का हाथ जैसे ही उस रेलिंग से छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद उनके तीनों दोस्त और वहां उपस्थित अन्य लोग आनन-फानन में साजन को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने साजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस दुखद घटना से मृतक के दोस्तों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

​वाटर पार्क प्रबंधन की इस गंभीर लापरवाही को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि व्यावसायिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसा दुख न झेलना पड़े। पुलिस ने इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए वाटर पार्क के कर्मचारियों और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

Share This Article
error: This Content is protected !!