भेड़ाघाट के सहजपुर ब्रिज के पास हुआ एक्सीडेंट, जीजा के घर से लौट रहा था मृतक

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत सहजपुर ब्रिज के पास शनिवार रात एक अनियंत्रित टैंकर ने मोटरसाइकिल चालक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। राहगीरों की मदद से उसे तुरंत मेडिकल अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी टैंकर चालक अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गोटेगांव नरसिंहपुर का रहने वाला 34 वर्षीय मनोज कुमार गोंड शनिवार को पाटन में रहने वाले अपने जीजा कृष्णा गोंड के घर आया हुआ था। शनिवार रात लगभग साढ़े 7 बजे वह अपने जीजा के घर से मोटरसाइकिल लेकर जबलपुर जाने की बात कहकर निकला था। जब वह सहजपुर पुलिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे टैंकर क्रमांक आरजे 09 जीई 6473 के चालक ने तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस और एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने फरार टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी खोजबीन तेज कर दी है।
