जबलपुर में बिजली संकट से निपटने का मास्टर प्लान, रात में तैनात रहेंगे बड़े अधिकारी

Newzo
Newzo - News Editor 51 Views
2 Min Read

जबलपुर। शहर में भीषण गर्मी के प्रकोप और बिजली की मांग में पिछले वर्ष की तुलना में 15% की वृद्धि को देखते हुए विद्युत कंपनी ने निर्बाध बिजली सप्लाई के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा की अध्यक्षता में आज शहर वृत्त के सभी कनिष्ठ, सहायक और कार्यपालन अभियंताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में क्षेत्रवार पावर ट्रांसफार्मर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर, सबस्टेशन, 11 केवी और 33 केवी फीडर पर बिंदुवार चर्चा कर ब्रेकडाउन से निपटने की रणनीति बनाई गई। शाम और रात की पाली में अतिरिक्त लाइन स्टाफ तैनात किया गया है। अगले एक माह तक रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक शहर के पांचों संभागों के फ्यूज ऑफ कॉल सेंटर में कनिष्ठ या सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे।

​शाम को अधिकारी करेंगे गश्ती, आपातकालीन नंबर जारी
​अधिकारियों की टीमें प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से रात 8:30 बजे तक लगभग 30 टीमों के साथ शहर में भ्रमण करेंगी ताकि बिजली व्यवधान को रोका जा सके। करंट आने, तार टूटने या बड़े ब्रेकडाउन जैसी आपातकालीन स्थितियों से तुरंत निपटने के लिए उपभोक्ता सेवा केंद्रों के क्षेत्रीय नंबर आम जनता के लिए जारी किए गए हैं। बिजली उपभोक्ता केंद्रीयकृत शिकायत नंबर 1912 के अलावा इन क्षेत्रीय नंबरों पर भी सीधे संपर्क कर सकते हैं, जिससे तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य कर सके। अधिकारियों की यह रात की तैनाती और सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगी कि उपभोक्ताओं को इस तपन में बिना किसी रुकावट के लगातार बिजली मिलती रहे।

Share This Article
error: This Content is protected !!